ढबारसी (अमरोहा)। आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव के भीमा सुल्तानपुर में किसान की हत्या के मामले में पुलिस नामजद छोटे भाई केशव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि उससे बड़े भाई नरेश उर्फ नागेश को शुक्रवार को ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो देवरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
आदमपुर थाना क्षेत्र के भीमा सुल्तानपुर गांव में किसान मोहन सिंह का परिवार रहता है। उनका घर गांव के बाहरी छोर पर बना हुआ है। एक ही घर में उनके तीन बड़े बेटे राजेन्द्र, मझले बेटे नरेश उर्फ नागेश व छोटे बेटे केशव रहते थे। बृहस्पतिवार की रात को पैंतीस वर्षीय किसान राजेन्द्र व नरेश उर्फ नागेश के बीच विवाद हुआ था। लेकिन सुबह में राजेंद्र के गायब होने पर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घर पहुंचकर पूछताछ की तो राजेंद्र की 11 वर्षीय बेटी चांदनी ने पिता की हत्या की जानकारी दी थी। बेटी ने चाचा पर ही हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद घर के परिसर में ही स्थित कूड़े के ढ़ेर से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। बाद में मृतक की पत्नी होशियारी की तहरीर पर देवर नरेश उर्फ नागेश और केशव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने नरेश को हिरासत में लिया था। जबकि केशव शव के साथ पोस्टमार्टम हाउस गया हुआ था। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस से लौटने पर केशव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी वरूण कुमार का कहना है नामजद दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।