ढबारसी (अमरोहा)। दिल्ली के चांदबाग हिंसा के आरोपी ताहिर हुसैन के भाई के साथ सिपाही पर पिस्टल तानने के आरोपी शाहरूख के गांव पौरारा में आने की चर्चा के बाद खुफिया तंत्र अलर्ट हो गया है। गांव में आने वाले बाहरी लोगों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, गांव में रात के समय गाड़ियों के आने पर ग्रामीण दहशत में आ जा रहे हैं।
आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव पौरारा में शनिवार को पिस्टल तानने का आरोपी शाहरूख चांदबाग में हुए हिंसा के आरोपी आम आदमी पार्टी के पार्षद ताहिर हुसैन के भाई नजर हुसैन के साथ पहुंचा था। यहां दोनों एक शादी में शामिल हुए। ये ताहिर हुसैन का पैत्रिक गांव हैं। गांव में चर्चा के मुताबिक दोनों पल्सर बाइक से पहुंचे थे। दोनों भगवानपुर के रास्ते आए थे। करीब दस से पंद्रह मिनट रुकने के बाद दोनों वहां से निकल गए। दोनों सिरसा में भी कुछ देर रुके थे। हालांकि पुलिस ने शाहरूख के आने से इंकार किया था। वहीं इस चर्चा केे बाद शाहरूख और ताहिर हुसैन को लेकर पुलिस के साथ खुफिया तंत्र अलर्ट हो गया है। गांव में आने वाली बाहरी लोगों पर नजर रखी जा रही है।