क्षेत्र के गांव रखेड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकर तैयार हो गया है। करीब एक वर्ष से ग्रामीणों को अस्पताल के चालू होने का इंतजार है। विभागीय अधिकारियों के लापरवाही की वजह से अस्पताल चालू नहीं हो पा रहा है। जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीमार होने की दशा में ग्रामीणों को दवाई लेने के लिए 10 किलोमीटर गजरौला या इतनी ही दूर हसनपुर जाना पड़ता है। पीएचसी के चालू होने से आठ से 10 गांव के ग्रामीणों को इसका फायदा पहुंचेगा।
हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव रखेड़ा में करीब एक वर्ष पहले विधायक महेंद्र खड़गवंशी के प्रयासों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया था। यह गांव गजरौला ब्लॉक क्षेत्र में आता है। बताते हैं कि पीएचसी का निर्माण कार्य पूरा हुए करीब एक वर्ष बीत गया है, लेकिन अभी तक अस्पताल का संचालन शुरू नहीं किया गया है। लिहाजा गांव में सरकारी अस्पताल होते हुए भी ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल का संचालन शुरू होने पर इसका लाभ आसपास के गांव रखेड़ा, बिजौरा, धौरिया, बिरला, दरियापुर, भीमाठीकरी, कुदैनी, कुदैना चक, फतेहपुर, वाटीपुरा, कासमाबाद, मोहम्मदाबाद के ग्रामीणों को पहुंचेगा। ग्रामीणों ने जल्द ही अस्पताल का संचालन शुरू कराने की मांग की है।
-करीब एक साल से अस्पताल बनकर तैयार है। लेकिन इसका संचालन अभी तक नहीं हो रहा है। गांव में अस्पताल होते हुए भी इसका लाभ नहीं मिल रहा।
-सतवीर सिंह, ग्रामीण।
- अस्पताल का संचालन शुरू न होने की वजह से दवाई लेने के लिए गजरौला की दौड़ लगानी पड़ रही है। जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
-विजय राणा, ग्रामीण
-जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रखेड़ा में स्टाफ को भेजकर इसका संचालन शुरू कराया जाएगा। अस्पताल का संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
-डॉक्टर योगेंद्र सिंह, सीएचसी प्रभारी गजरौला