अमरोहा। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की है। दो दिन चलने वाली परीक्षा के लिए यातायात पुलिस ने भी रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसके तहत शहर में कार समेत भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
शहर की संकरी गलियों में जाम लग सकता है। इसलिए यातायात पुलिस ने यह कदम उठाया है। हालांकि, अभ्यर्थियों के वाहन परीक्षा केंद्र से दो सौ मीटर पहले तक जा सकेंगे। सभी वाहनों को डायवर्ट कर शहर के चारों तरफ बाईपास होकर गुजारा जाएगा। जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। मनमानी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
टीएसआई अनुज मलिक बताया कि परीक्षा के लिए जिलेभर में 14 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें मुख्यालय पर ही आठ केंद्र हैं। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में दिक्कत न हो इसलिए बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, हाईवे से ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा के संचालन पर कोई रोक नहीं होगी। इसके अलावा शहर में आने वाली कार समेत सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। भारी वाहनों को शहर के बाहर बाईपास होकर निकाला जाएगा। वहीं, जोया रोड बंबूगढ़ चौराहे से बिजनौर रोड स्थिति रीगल 77 होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा व ऑटो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।
-
यह बनाए गए परीक्षा केंद्र
एएसएम मॉडर्न एकेडमी खाता, एकेकेइंटर काॅलेज बिजनौर रोड, भगवत सरन इंटर काॅलेज जोया, दिल्ली पब्लिक स्कूल निकट एआरटीओ कार्यालय, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज टीपी नगर चौराहा, राजकीय इंटर काॅलेज निकट गांधी मूर्ति, हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल जोया रोड, आईएम इंटर काॅलेज आजाद रोड, जेएस हिंदू इंटर काॅलेज आजाद रोड, जेएस हिंदू महाविद्यालय ब्लॉक-ए आजाद रोड, जेएस हिंदू महाविद्यालय ब्लॉक-बी आजाद रोड, कुंदन मॉडल इंटर काॅलेज निकट टीपी नगर चौराहा, लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी जोया-अमरोहा रोड और सिख इंटर काॅलेज नारंगपुर जोया को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
-
इन वैकल्पिक मार्गाें से गुजरेंगे वाहन
- अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाईपास व पाकबड़ा होते हुए मुरादाबाद की ओर जाएंगे।
- नौगांवा सादात से अमरोहा और मुरादाबाद जाने वाले वाहन याहियापुर बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- नौगांवा सादात से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रज्जाकपुर बाईपास व धनौरा बाईपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- अतरासी चौकी से अमरोहा की ओर जाने वाले वाहन एआरटीओ तिराहे से कल्याणपुरा रोड होते हुए बंबूगढ़ चौराहे से कांकर सराय होते हुए माया धर्मकांटा से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- शहर अमरोहा से जोया/दिल्ली (हाईवे) की ओर जाने वाला वाहन कांकरसराय से बंबूगढ़ से जोया की ओर जाएंगे।
- शहर अमरोहा से नौगांवा सादात की ओर जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा से कांठ रोड से बाईपास होते हुए नौगांवा की ओर जाएंगे।
- जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ होते हुए कांकर सराय होते हुए माया धर्मकांटा कैलसा रोड होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- कोई भी ई-रिक्शा व ऑटो नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति की ओर नहीं आएगा, सभी कैलसा बाईपास होते हुए काठ रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
नोट : बंबूगढ़ चौराहे से बिजनौर रोड स्थिति रीगल 77 होटल तक सभी प्रकार के ई-रिक्शा व ऑटो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे।