बहन को उसकी ससुराल छोड़कर लौट रहे बाइक सवार जैकेट सिलने वाले 22 वर्षीय कारीगर फरमान की बाइक नीलगाय से टकरा गई। हादसे में फरमान की मौत हो गई। परिजनों ने बगैर पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।
नौगांवा सादात के बिलना गांव में दिवंगत समीम का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी कमर जहां उर्फ भूरी के अलावा तीन बेटे और चार बेटियां हैं। एक बेटी रेशमा की शादी हो चुकी है। सबसे छोटा बेटा फरमान जैकेट की सिलाई का काम करता था। रेशमा अपनी मां और भाइयों से मिलने मायके आई हुई थी।
परिजनों के मुताबिक के बाद बुधवार की शाम को फरमान अपनी बहन रेशमा को उसकी ससुराल छोड़ने गया था। रात करीब 9 बजे वापस लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक शिवाला कलां थानाक्षेत्र झुझेला के पास पहुंची। तभी खेतों में से निकली नीलगाय से टक्कर हो गई। उसने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था।
हादसे में फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह सिर में गहरी चोट लगने से हुई। जिसके बाद परिजन बगैर पुलिस कार्रवाई के शव को घर ले आए और सुपुर्द ए खाक कर दिया।