गजरौला। सभासद पति और नगर पालिका के सेवानिवृत्त लिपिक के खिलाफ थाने में धरने पर बैठे लोगों ने अवैध तरीके से जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया। पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को थाने में धरना देकर बैठे लोगों ने अपनी आवाज उठाते हुए कहा कि नाईपुरा मोहल्ला निवासी निर्मला देवी की नाईपुरा में जमीन है। जिसकी नगर पालिका के एक सेवानिवृत्त बाबू और पालिका के सभासद पति ने अवैध तरीके से बैनामा करा लिया। उनके साथ दो अन्य लोगों ने भी अवैध रूप से बैनामा कराने में सहयोग किया। दबंगों ने जमीन पर कब्जा कराने उनके मकान को खाली करने के लिए कहा। इस दौरान उन पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। कहा कि जान से मारने की धमकी देते हैं। धरने पर बैठे लोगों का किसान संगठनों से जुड़े लोगों ने भी सहयोग किया। थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि मामले की जानकारी है। आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।