नौगांवा सादात। क्षेत्र में तेंदुए की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात नौगांवा तगा में आबादी से सटे आम के बाग में तेंदुआ दिखाई देने के दावे के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी जहीर का गांव से सटे जंगल में आम का बाग है। बाग की रखवाली के लिए उन्होंने एक नौकर रखा हुआ है, जो रात में वहीं सोता है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात आई आंधी के बाद करीब एक बजे पत्तों में सरसराहट होने पर नौकर की आंख खुल गई।
उसने देखा कि बाग के दूसरे छोर पर एक तेंदुआ खड़ा था, जिसकी आंखें अंधेरे में चमक रही थीं। कुछ ही देर बाद तेंदुआ दूसरे बाग से होता हुआ जंगल की ओर चला गया। नौकर के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण वह रात में किसी को सूचना नहीं दे सका। बृहस्पतिवार सुबह जब जहीर बाग में पहुंचे तो नौकर ने पूरी घटना बताई। इसके बाद उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो बारिश के कारण गीली मिट्टी में जंगली जानवर के पंजों के निशान मिले। तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं को अकेले बाहर नहीं भेजने की बात कही है। वन दरोगा केपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया। जंगल और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। इससे पहले भी क्षेत्र के गांव अलीपुर कलां में कई बार तेंदुआ देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।