अमरोहा। विधानसभा वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए रविवार को लोग पोलिंग स्टेशन में आए। वोटरलिस्ट में नाम देखा। परिवार के सदस्यों के नाम नहीं होने पर फॉर्म भर कर दिया। बीएलओ ने सत्यापन की बात कही। इसके बाद नाम दर्ज हो सकेंगे। अब 28 नवंबर के बाद पांच और 13 दिसंबर को विशेष दिवस मनेगा। इस दौरान भी लोग वोटर बनने के लिए फॉर्म भर सकेंगे जबकि नाम काटने का भी मौका है। एडीएम, एसडीएम और तहसीलदारों ने पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। सुपरवाइजर, पदाभिहीत अधिकारी और बीएलओ को निर्देशित किए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वोटर लिस्ट का पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। अब 15 दिसंबर तक फॉर्म भरने का मौका है। एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म भर सकते हैं। रविवार को विशेष अभियान के तहत पहले दिवस में नगर पालिका परिसर में दिन में 11 बजे बीएलओ परिसर में मौजूद मिले। उस वक्त आजाद रोड के कुछ लोग आएं। उन्होंने वोटर लिस्ट में परिवार के सदस्यों के नाम को देखा। बीएलओ ने नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म छह दिया। इसके अलावा कुंदन इंटर कॉलेज में तलवार शाह के कई लोग आए थे। परिवार के मृत लोगों के नाम काटने के लिए फॉर्म मांगा। दिन में लगभग एक बजे एकेके इंटर कॉलेज में तहसीलदार अभय कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने वोटर लिस्ट देखने आए लोगों से फीडबैक लिया।