अमरोहा। गर्मी में बिजली कटौती से जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं किसानों को भी फसलों की सिंचाई करने में दिक्कत आ रही है। बीच-बीच में ट्रिपिंग की वजह से खेत तक पानी नहीं पहुंच पाता। जिससे समय ज्यादा लगता है। किसानों ने कहा कि नियमित बिजली मिलनी चाहिए।
शहर से लेकर गांव तक बिजली की समस्या परेशान कर रही है। कलक्ट्रेट बिजली घर से रविवार को दिन में कई बार बिजली आती जाती रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अघोषित कटौती लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। रात में भी कटौती होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अहरोई, सिबौरा और दौलतपुर बिजलीघर से भी बिजली की आंखमिचौली ने लोगों को परेशान किया। सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को हो रही है। इस समय गन्ने की फसल को पानी की सबसे ज्यादा ज़रूरत होती है। इसके अलावा चारे की फसल भी खेतों में खड़ी है। दोनों ही फसलों को पानी चाहिए। किसान सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, करन सिंह का कहना है कि बिजली नियमित रूप से मिलनी चाहिए। जिससे सिंचाई पर असर न पड़े। कलक्ट्रेट बिजलीघर के जेई उदयराज सिंह ने बताया कि लाइन में मामूली फॉल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही लेकिन अब सप्लाई सुचारु चली रही है।