मंडी धनौरा। धनौरा-शेरपुर मार्ग पर स्थित नबाबपुरा गांव में मुख्य मार्ग पर पानी भरने के कारण दो दर्जन गांवों के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग पर पानी भरने की वजह से स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणाें का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग पानी की निकासी की व्यवस्था करने व सड़क निर्माण के लिए गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पानी की निकासी का प्रबंध कराने की मांग की है।
नबाबपुरा गांव में मुख्य मार्ग पर पानी की निकासी का प्रबंध नहीं होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर ही भरा रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चे गंदे पानी से होकर गुजरते हैं। दिन में बाइक सवार पानी में गिरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नाले से काफी नीची बनी हुई है। इस वजह से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। पहले भी शिकायत होने पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता ने गांव जाकर स्थिति देखी थी।
उनका कहना था कि नालों का गंदा पानी किसी भी उचित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था नहीं है। करीब दो दर्जन गांवों के लोग रोजाना इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। जिला पंचायत सदस्य मनीराम सिंह, राजेश कुमार, सीताराम आदि ने जिलाधिकारी से पानी की निकासी की व्यवस्था व सड़क निर्माण की मांग जिलाधिकारी से की है।