अमरोहा। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार (आज) 16 परीक्षा केंद्रों पर होगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षार्थियों के मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कैलकुलेटर के ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से सभी परीक्षा केंद्रों को 3 जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया है। सोलह केंद्रों पर आयोजित हो रही पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में करीब 7300 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीसीएस परीक्षा के लिए सुबह की पाली 9:30 बजे से शुरू होगी और 11:30 बजे तक चलेगी। जबकि, दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक रहेगी। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर दोनों पालियों में डेढ़ घंटा पहले अनिवार्य है। क्योंकि परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा, दो महिला कांस्टेबल और दो पुरुष कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के बाहर भी पुलिस तैनात रहेगी। सोलह केंद्रों पर होने वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में करीब 7300 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए के लिए रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। यहां पर मौजूद कर्मचारी परीक्षार्थियों की समस्याओं का निराकरण करेंगे।
तैनात रहेंगे सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे । सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी पुलिसकर्मी के द्वारा ली जाएगी। परीक्षा के दौरान विशेष सावधानी बढ़ती जाएगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर उत्तर प्रपत्रों को ट्रेजरी के डबल लॉकर में रखवाया जाएगा।
रूट डायवर्जन लागू, यहां से निकलें
अमरोहा। रविवार को आज होने वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। सुबह से शाम तक शहर में ई-रिक्शा, ऑटो समेत सभी तरह के वाहनों की नो एंट्री रहेगी। सिर्फ अभ्यर्थियों को वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। शहर में आने और जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकला जाएगा। बंबूगढ़ से लकड़ा चौराहे तक परीक्षार्थियों को लेकर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो संचालित रहेंगे।
इन मार्गाें से गुजरेंगे वाहन
- अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से कैलसा बाई पास होते हुए पाकबड़ा होकर मुरादाबाद जाएंगे।
- नौगांवा से अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले वाहन याहियापुर बाइपास से होते हुए अमरोहा व मुरादाबाद जाएंगे
- नौगांवा से दिल्ली जाने वाला वाहन रज्जाकपुर बाइपास से धनौरा बाइपास से अतरासी चौकी हाईवे की ओर जाएंगे।
- अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले वाहन एआरटीओ से कल्याणपुरा रोड से बंबूगढ़ से कांकर सराय से कांठ रोड माया धर्मकांटा से होते हुए अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- शहर अमरोहा से जोया, मुरादाबादा, दिल्ली को जाने वाला वाहन कांकर सराय से बंबूगढ़ से जोया हाईवे की तरफ जाएंगे।
- शहर अमरोहा से नौगांवा जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स से माया धर्मकांटा से कांठ रोड से होते हुए नौगांवा सादात जाएंगे।
- जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ़ होते हुए कांकर सराय होते हुए माया धर्मकांटा कैलसा रोड से अमरोहा में प्रवेश करेंगे।
- कोई भी ई-रिक्शा व ऑटो नन्दन स्वीट्स स गांधी मूर्ति की ओर नहीं आयेगा। सभी कैलसा बाईपास से कांठ रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
परीक्षा केंद्र पर इनको ले जाने पर रहेगी पाबंदी
इलैक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, ब्लूटूथ उपकरण, टेबलेट, कैलकुलेटर की सुविधा वाली घड़ी, पाठ्य सामग्री आदि ले जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में कोई भी साइबर कैफे अथवा फोटो स्टेट की दुकानें नहीं खुल सकेंगी। इस परिधि में भीड़ भी जमा नहीं हो सकेगी।
यह हैं परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए अमरोहा नगर के एकेके इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज रजबपुर, श्रीराम किसान इंटर कॉलेज बादशाहपुर, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज धनौरा, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला, शिव इंटर कॉलेज गजरौला, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक- ए, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक- बी, तुर्की इंटर कॉलेज पलौला व भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया को केंद्र बनाया गया है।