अमरोहा। किसी भी चीनी मिल का भुगतान बकाया ना रहे, यदि कोई भी दिक्कत आ रही है उच्च स्तर पर बात करके निस्तारण किया जाए। किसानों के गन्ना के भुगतान हर हाल में कर दिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में पेराई सत्र 2022 -23 के गन्ना मूल्य व अंशदान भुगतान एवं गन्ना सर्वेक्षण पैराई सत्र 2023-24 के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएम बीके त्रिपाठी ने सभी चीनी मिल के प्रबंधकों, प्रतिनिधियों से गन्ना मूल्य व अंशदान भुगतान के संबंध में जानकारी हासिल कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कहा कि 14 दिन पूर्व के देय गन्ना मूल्य के साथ-साथ समानुपातिक रूप से गन्ना विकास अंशदान का शीघ्र ही शत-प्रतिशत भुगतान कराया जाए। किसी भी चीनी मिल का भुगतान बकाया ना रहे। यदि कोई भी दिक्कत आ रही है तो उच्च स्तर पर बात करके निस्तारण किया जाए। किसानों के गन्ना के भुगतान हर हाल में कर दिया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। पेराई सत्र 2022- 23 गन्ना मूल्य एवं अंशदान भुगतान की समीक्षा में देय गन्ना मूल रुपए 1433.79 करोड के सापेक्ष 1262.93 करोड़ का लगभग 88 प्रतिशत भुगतान एवं गन्ना विकास अंशदान रुपए 25.13 करोड़ के सापेक्ष 16.89 करोड़ 67.20 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। जिस-जिस मिल का भुगतान व अंशदान बकाया है, वह हर हाल में प्राथमिकता के साथ भुगतान करना सुनिश्चित करें। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी मनोज कुमार समेत जनपद की चीनी मिल के प्रतिनिधि व प्रबंधक मौजूद रहे।