अमरोहा। जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि हर घर जल योजना के तहत जो रोड तोड़ी गई हैं, अभियान चलाकर उन सड़कों को सही किया जाए। कहा कि एक सप्ताह में बताया जाए कि कितनी रोड ठीक की गई। जब तक यह सड़कें ठीक नहीं की जाती हैं तब तक संबंधित एजेंसी का भुगतान नहीं किया जाना चाहिए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। जिपं अध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश देते हुए कहा कि जो रोड बनाए जाने के बाद टूट गई हैं और गड्ढे हो गए हैं। अभियान चला कर उनको ठीक किया जाए। एक महीना होने के बाद तुरंत रोड टूट रही हैं, यह किस प्रकार से कार्य हो रहा है, संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। राशन संबंधी घटतौली प्रत्येक डीलर द्वारा की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी किसी भी बैठक में प्रतिभाग नहीं करते हैं। डीलर द्वारा 4 किलो राशन दिया जा रहा है और शिकायत करने पर दुकान सस्पेंड कर दी जाती है। कुछ दिन बाद दोबारा से उसी को आवंटित कर दुकान बहाल कर दी जाती है। संविदा कर्मी द्वारा उपभोक्ताओं से अनावश्यक वसूली की जाती है। निर्देशित करते हुए कहा कि जो संविदा कर्मी लापरवाह हैं उन पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान विधायक नौगांवा सादात समरपाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी मिश्रा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी आदि मौजूद रहे।