सैदनगली थाना क्षेत्र के कुआडाली गांव निवासी किसान सत्यपाल गिरि ने करीब एक साल पहले बेटी पायल की शादी बुखारीपुर निवासी दीपक से की थी। दो माह पहले पायल ने बेटी को जन्म दिया था। 28 सितंबर को पति के जान देने के बाद से वह मासूम बेटी के साथ ससुराल में रह रही थी। सत्यपाल के अनुसार, दीपक की जमीन पायल और उसकी बेटी के नाम आने की आशंका में ददिया सास क्रांति गिरि अपने धेवते मोंटी गिरि निवासी पमारी, थाना रजपुरा, संभल से पायल की कोर्ट मैरिज कराना चाहती थी।
पायल के राजी नहीं होने पर क्रांति ने सत्यपाल से भी बात की थी। सत्यपाल ने इतनी जल्दी शादी कराने पर समाज में उठने वाले सवालों का हवाला देकर बाद में विचार करने की बात कही थी। आरोप है कि इसी रंजिश में शुक्रवार सुबह सात से नौ बजे के बीच क्रांति गिरि, सगी सास आशा, मोंटी और उसकी मां विमला देवी ने एक राय होकर पायल के सिर पर लोहे की मूसली से वार किया और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
तहरीर में घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डिटेल खंगालने की मांग भी की गई है। आरोप है कि कैमरा मोंटी के मोबाइल से कनेक्ट था। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि क्रांति गिरि, आशा, मोंटी और विमला देवी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।