अमरोहा में जिला अस्पताल के अलावा आठ सीएचसी और 45 पीएचसी है। सभी सीएचसी पर पैथोलॉजी लैब की व्यवस्था तो है, लेकिन यहां जांच नहीं होती है। गंभीर बीमारियों से संबंधित सभी जांच के सैंपल जिला अस्पताल भेजे जाते हैं। इसके लिए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है या फिर निजी पैथोलॉजी लब पर जाना पड़ता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हसनपुर, मंडी धनौरा, जोया और गजरौला सीएचसी पर पैथोलॉजी लैब बनेंगी। इसके बाद यहां सभी तरह की जांच हो सकेंगी। यहां स्थाई तौर पर लैब टेक्नीशियन की तैनाती की जाएगी। सीएमओ एसपी सिंह ने बताया कि हसनपुर और मंडी धनौरा में लैब के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जबकि जोया और गजरौला के लिए सीएचसी परिसर में जमीन चिह्नित की जा रही है। जल्द ही चारों स्थान पर पैथोलॉजी लैब शुरू हो जाएगी। इसके बाद क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।