गन्ना समिति चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह से ही गन्ना समिति पर किसानों की भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। 643 डेलीगेट पदों के सापेक्ष कुल 440 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई, जबकि 401 नामांकन पत्र जमा हुए। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात रहा।
गन्ना समिति के लिए चुनाव का दौर शुरू हो गया है। अमरोहा समिति के लिए 349 गांवों के 83014 मतदाता 643 डेलीगेट का चुनाव करेंगे। लेकिन, बृहस्पतिवार को शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के लिए 643 पदों के सापेक्ष 440 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। चुनाव के आरओ एसडीएम सदर सुधीर कुमार ने बताया कि 401 नामांकन पत्र जमा किए है। जबकि, 242 पदों के लिए कोई नामांकन जमा नहीं हुआ। आज तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध नामांकनों की सूची चस्पा कर दी जाएगी। इसके बाद 30 सितंबर को तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उसी दिन पांच बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन भी होगा। चुनाव की प्रक्रिया तीन अक्तूबर को होगी। नामांकन के लिए गन्ना समिति पर सुबह से ही भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
गन्ना समिति के डेलीगेट्स के लिए 490 लोगों ने नामांकन कराए
मंडी धनौरा। सहकारी गन्ना विकास समिति के डेलीगेट्स के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। ब्लॉक परिसर में स्थित कृषि विभाग के सभागार में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
डेलीगेट्स का चुनाव आगामी तीन अक्तूबर को होगा। नामांकन प्रक्रिया के लिए सवेरे से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग ब्लॉक परिसर पहुंच गए थे। ब्लॉक परिसर में भारी भीड़ रही। डेलीगेट्स के जरिए संचालकों का चुनाव किया जाता है। गन्ना समिति के सचिव देवेंद्र तिवारी ने बताया कि 399 डेलीगेट्स के लिए 490 लोगों ने नामांकन कराए हैं। नामांकन कराने वालों में भाजपा के दिग्गज नेता भी शामिल रहे। इस बार भाजपा गन्ना समिति के चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही है।