रजबपुर के झनकपुरी में बाइक सवार तीन हमलावरों ने थार और स्कार्पियो पर करीब 15 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां वाहनों के शीशे तोड़कर आरपार हो गईं, लेकिन दोनों कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रजबपुर पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए बाइक सवार हमलावरों ने सोमवार देर रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो कारों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गांव खजूरी निवासी मंदीप कुमार की थार और उसके आगे खड़ी गांव निपनिया निवासी तेजेंद्र उर्फ नेमपाल की स्कार्पियो पर हमलावरों ने करीब 15 फायर किए।
विज्ञापन
गोलियां दोनों वाहनों के शीशे तोड़ते हुए आरपार हो गईं। गनीमत रही कि कार सवारों को गोली नहीं लगी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव झनकपुरी में सोमवार रात करीब 11 बजे की है। मंदीप कुमार फ्लाईओवर के नीचे अपनी थार में बैठे थे।
उनके आगे तेजेंद्र की स्कार्पियो खड़ी थी। इसी दौरान जोया की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन हमलावर पहुंचे। उन्होंने थार को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली थार का शीशा तोड़कर आरपार हो गई। मंदीप ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन
इसके बाद हमलावरों ने आगे खड़ी स्कार्पियो पर भी गोलियां चला दीं। एक गोली कार का शीशा तोड़ते हुए निकल गई। हमलावरों ने इस दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। तेजेंद्र ने खतरा भांपकर स्कार्पियो दौड़ा दी। हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए भी फायरिंग जारी रखी और गजरौला की ओर भाग गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और कुछ देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। मामला शांत होने के बाद भीड़ जुटी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि तेजेंद्र की तहरीर पर गजरौला के मझोला निवासी वंश, शहबाजपुर पट्टी निवासी प्रीतमान और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे करीब एक साल पहले मंदीप के भतीजे हिमांशु से आरोपियों के विवाद की बात सामने आई है। आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।