जोया। कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। संविलियन विद्यालय जोया में बंदरों के झुंड के हमले से शिक्षक-शिक्षिकाओं और 268 बच्चों में दहशत है। सोमवार को भी बंदरों के हमले से डर कर भागीं दो शिक्षिकाएं गिरकर घायल हो गईं। प्रधानाध्यापिका ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को पत्र देकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
पत्र के अनुसार करीब 15 दिन पहले शिक्षिका ज्योति मलिक और कक्षा सात की छात्रा को शौचालय जाते समय बंदर ने काट लिया था। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिक्षिकाएं करुणा राणा और पूजा कक्षा से कार्यालय जा रही थीं, तभी बंदरों ने पीछे से हमला कर दिया। भागते समय दोनों गिर गईं और पूजा के पैर में चोट लग गई। करीब एक घंटे बाद बंदर ने कक्षा सात के छात्र अरुण पर पीछे से हमला कर कमर में काट लिया। इससे विद्यालय में भय का माहौल है और शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
ईओ विपिन कुमार सेंगर ने बताया कि जल्द बंदर पकड़ने की योजना तैयार की जाएगी। जिला अस्पताल में भी रोजाना बंदर और कुत्ते के काटने के मरीज पहुंच रहे हैं। मंगलवार को 32 लोगों को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया।