सैदनगली (अमरोहा)। घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहे कक्षा चार के छात्र पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें छात्र बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
नगर पंचायत सैदनगली के मोहल्ला अंसारियान में मोहम्मद सलीम का परिवार रहता है। सलीम का 11 वर्षीय बेटा अनस प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ता है। शुक्रवार की दोपहर को वह घर के पास ही इकोंदा रोड पर मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इस दौरान अचानक कुत्तों के झुंड ने अनस पर हमला कर दिया। इस दौरान अन्य बच्चों ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई। शोर शराबा सुनकर मौके पर मोहल्ले के लोग लाठी डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने कुत्तों को भगाकर अमन को बचाया। कुत्तों के हमले में बुरी तरह से घायल अमन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. धुवेंद्र सिंह का कहना है कि सीएचसी में एंटी रैबीज की वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।