गजरौला। तीन साल में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण नौनेर के ग्रामीण जल जीवन मिशन से शुद्ध पेयजल को तरस रहे हैं। टूटी सड़क पर बने गड्ढे उनकी परेशानी का सबब बने हैं। पाइप लाइन से पानी न मिलने के कारण गांव के लोग अपने संसाधनों के बल पर प्यास बुझा रहे हैं।
विज्ञापन
ब्लॉक के गांव नौनेर में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने के लिए तीन साल पूर्व ओवरहेड टैंक बनाने का काम शुरू किया गया। इसके बराबर में ही सबमर्सिबल लगा दिया गया। उसकी सुरक्षा के लिए कमरा भी बना दिया गया। ओवरहेड टैंक बनाने, पाइप लाइन बिछाकर घर-घर पानी पहुंचाने में 179.69 लाख रुपये खर्च हो गए। योजना से किसी घर में पानी पहुंचना तो दूर ओवरहेड टैंक का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ है। छह महीने से ठेकेदार भी नहीं आया। वह अधूरा कार्य छोड़ गायब है। ग्राम प्रधान के पति राहुल कुमार का कहना है कि गांव में पाइप लाइन तो बिछा दी, लेकिन ओवरहेड टैंक का काम पूरा नहीं किया। अब ठेकेदार भी नहीं आ रहा है।