अमरोहा। कांवड़ यात्रा को लेकर शनिवार की आधी रात से मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर बस व भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया। दिल्ली को जाने वाले भारी वाहनों को चौपला से हसनपुर होकर गुजारा गया। एक लेन पर कांवड़िये और दूसरी लेन से हल्के वाहन गुजरे। रविवार सुबह से ही हाईवे पर जगह-जगह पुलिस तैनात नजर आई। वहीं रात में कांवड़ियों के जत्थे भी वहां से गुजरे। जिसके बाद पुलिस ने भी रूट डायवर्जन लागू कर दिया।
आज सावन पहला सोमवार है। जिसके चलते शनिवार रात से ही कांवड़ियों के जत्थे गुजरने शुरू हो गए। वहीं, इस पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। बरेली, मुरादाबाद मंडल के अलावा बुलंदशहर समेत कई जनपदों के शिवभक्त गढ़ मुक्तेश्वर के ब्रजघाट से कांवड़ में जल लेने पहुंचते हैं। यहीं नहीं हजारों शिव भक्त हरिद्वार, ऋषिकेश, गोमुख जैसे प्रसिद्ध स्थानों से भी गंगाजल लेकर लौटते हैं। रविवार से कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया दै। देर रात गजरौला चौपला से कांवड़िये गुजरे तो अधिकारियों ने मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर बस, ट्रक व भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया। इसके साथ रूट भी वन वे करते कार, बाइकें व आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को एक रूट से गुजारा गया। अब मुरादाबाद दिल्ली हाईवे को सावन माह के लिए वन वे कर दिया है। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि रूट डायवर्जन प्लान के तहत वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है। सीओ ने बताया की रविवार रात से रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। सावन में हर शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार दोपहर दो बजे तक रूट प्लान जारी रहेगा।
कांवड़ियों के लिए चौपला से वापस किए रोडवेज बस संग भारी वाहन
कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बिजनौर की तरफ जा रहीं रोडवेज और प्राइवेट बसों को सीओ ने चौपला से हसनपुर की तरफ भेज दिया। शनिवार व रविवार को हाईवे पर कांवड़ियाें के जत्थे हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारें लगाते हुए रवाना हुए। चौपला से इंद्रा चौक तक पुलिस ने ड्रम रख और रस्सी बांध कर मार्ग को दो भागों में बांट दिया।
शनिवार की रात दस बजे के बाद कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार को रवाना हुए। जबकि दिन भर कांवडियों का कोई भी वाहन नजर नहीं आया। हर हर गंगे के उद्घोष संग हरिद्वार कांवड़ और गंगा जल लेने गए कांवड़ियों के जत्थों को देखते हुए पुलिस ने गजरौला से बिजनौर की दिशा में जाने वाले ट्रक, बस, डीसीएम आदि वाहनाें को रोक दिया। रूट डायवर्ट का कड़ाई से पालन कराने के लिए खुद सीओ अरुण कुमार सिंह चौपला चौकी पर मुस्तैद हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि चाहे रोडवेज बस हो या काेई अन्य वाहन, किसी को भी चौपला से इंद्रा चौक की तरफ न जाने दिया जाए। वाहनों के कारण हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को भी हाईवे पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार को जाते दिखे। उधर रूट डायवर्ट का कड़ाई से पालन कराने के कारण हाईवे पर मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाहनों की लेन पर ही कार आदि छोटे वाहन दौड़ते रहे, जबकि दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित की जाने के कारण खाली रही।