उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे पर जिले में तेजी के साथ काम चल रहा है। गंगा पर एक किलोमीटर लंबा पुल बनकर तैयार हो चुका है, जो गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से अमरोहा को हापुड़ से जोड़ेगा। पुल अमरोहा के पिलपोती गांव के ठीक सामने बनाया गया है।
पुल के निर्माण से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति देगा। स्थानीय व्यापार, कृषि और पर्यटन को इससे बढ़ावा मिलेगा। अमरोहा जिले में गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
पूरे एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद, यह प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक बन जाएगा। यह न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि औद्योगिक गलियारों के विकास को भी बढ़ावा देगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गंगा एक्सप्रेसवे क्षेत्र के समग्र विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। इस एक किलोमीटर लंबे गंगा पुल का पूरा होना।
रोशनी से जगमग होगा गंगा पुल
अमरोहा में हसनपुर तहसील के गांव पिपलोती से जनपद हापुड़ को जोड़ेगा। एक किमी लंबे पुल पर दोनों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगाई ज रही हैं। जो रात में जगमग रहेंगी। जिससे गंगा का पुल अपने आप में आकर्षण का केंद्र बन जाएगा।
वर्जन
अमरोहा से हापुड़ को जोड़ने वाला करीब एक किमी लंबा पुल लगभग तैयार हो गया है। पुल पर सफेद पट्टी डालने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। ताकि यातायात मानकों पर यह खरा उतर सके। - अशोक मोगा, एक्सईएन गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण, मेरठ से बदायूं तक