गजरौला (अमरोहा)। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहस्यमय तरीके से कौवों की मौत होना जारी है। बुधवार को गांव नगलिया टोकरापट्टी में नगलिया अड्डे पर आकाश में उड़ रहा कौवा मरणासन्न हालत में नीचे आ गिरा। आसपास जुटी भीड़ ने उसे पानी आदि पिलाया लेकिन कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृत कौवे को गांव में ही एक स्थान पर गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। वहीं ब्लाक के कई गांवों में भी मृत कौवे मिलने की चर्चा है।
बुधवार की सुबह ब्लाक के गांव नगलिया टोकरा पट्टी में नगलिया अड्डे के पास आकाश में उड़ रहा एक कौवा अचानक ही नीचे आ गिरा। वह मरणासन्न हालत में था। कौवे के गिरते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। थोड़ी ही देर में कुछ युवकों ने उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। कुछ युवक उसके लिए गर्म पानी और कुछ खाने का सामान भी लेकर आए लेकिन कौवे ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। इसके बाद युवकों ने उसे गांव में ही दबा दिया। बता दें कि पिछले एक सप्ताह से गजरौला क्षेत्र में कौवों की रहस्यमय तरीके से मौत हो रही है। अब तक 21 कौवे मर चुके हैं। कौवों की लगातार मौत से लोग बर्ड प्लू की आशंका से दहशत में हैं। हालांकि पशु चिकित्साधिकारी डा. ओमवीर सिंह ने दोहराया कि पक्षियों की मौत बिजली और ठंड लगने से हो रही है।