अमरोहा। सैदनगली नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए शासन ने एक करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। वर्ष 2026-27 की राज्य सेक्टर पेयजल व्यवस्था योजना के तहत इस धनराशि को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पहली किस्त के तौर पर 53 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में पेयजल व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा। सैदनगली नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 1850 मीटर पीवीसी पाइप लाइन बिछाने, जोड़ने का कार्य और लाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए 6 एचपी सबमर्सिबल पंपसैट की आपूर्ति की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर सबमर्सिबल के कार्य कराए जाएंगे।
ईओ सलिल भारद्वाज ने बताया कि इसके साथ ही तीन हजार लीटर क्षमता वाले चार स्टील वाटर टैंकरों की आपूर्ति भी की जाएगी। योजना के पूरा होने से नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को पेयजल सुविधा मिलने में राहत मिलेगी। इसके लिए 1.6 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इससे पेयजल व्यवस्था में सुधार आएगा।