सहारनपुर में तैनात डिप्टी कलक्टर के भाई से गालीगलौज, मारपीट व लाइसेंसी राइफल दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फरार चल रहे सीआईएसएफ जवान सहित तीनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गौसाईं निवासी शोभित कुमार के भाई संजीव कुमार पीसीएस अधिकारी हैं। वह सहारनपुर जिले में डिप्टी कलक्टर के पद पर तैनात हैं। शोभित कुमार ने मंगलवार की रात गांव निवासी अनिकेत, उसके पिता छत्तर सिंह, ताऊ शंकर सिंह और उसके भाई अंकित के खिलाफ गालीगलौज करने, विरोध पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनिकेत सीआईएसएफ का जवान है। वह फिलहाल गांव आया हुआ था।
शोभित के आरोप के मुताबिक वह मंगलवार को मेला देख कर घर लौट रहा था। रास्ते में अनिकेत ने बाइक से उनको टक्कर मार दी। विरोध पर अनिकेत ने अपने परिजनों के साथ मिलकर भी उससे मारपीट की। राइफल अनिकेत के ताऊ शंकर सिंह के नाम है। पुलिस ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार रात सभी ठिकानों पर दबिश दी। बुधवार को पुलिस ने सीआईएसएफ जवान अनिकेत के पिता छत्तर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीओ मंडी धनौरा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उसका चालान किया जा रहा है।
राइफल का इस्तेमाल घटना के दौरान किया गया या नहीं, पुलिस इस छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि राइफल का इस्तेमाल डराने धमकाने में करने की पुष्टि होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लाइसेंसी राइफल का इस्तेमाल धमकाने में करने की पुष्टि होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।