अमरोहा। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के वार्षिक चुनाव के लिए बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन अध्यक्ष पद पर एक समेत विभिन्न पदों पर 26 दावेदारों ने अपने नामांकनपत्र दाखिल कर चुनावी सरगर्मी को तेज कर दिया। कचहरी परिसर में दिनभर हलचल बनी रही। शुक्रवार को भी अध्यक्ष और अन्य पदों पर नामांकन किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए चैनसुख गोले एडवोकेट ने नामांकन दाखिल किया। वहीं सचिव पद पर दिनेश कुमार चौहान और अरशद हुसैन भारती के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। उपाध्यक्ष पद के लिए श्रवण कुमार, परवेज आलम, सचिन सक्सेना और आकिल सैफी ने दावेदारी पेश की है। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर धर्मपाल सिंह, मणिकांत शर्मा और वसीम अहमद ने अपने पर्चे भरे। कोषाध्यक्ष पद के लिए इखलास जहां और रिचा सिंह ने नामांकन किया है। संयुक्त सचिव पद पर अशरफ अली, अमन त्यागी, मोहम्मद सादिक और राजू मैदान में हैं, जबकि संयुक्त सचिव महिला पद के लिए फरहम मंसूरी ने नामांकन दाखिल किया।
सदस्य कार्यकारिणी सीनियर ग्रुप (महिला) में पूनम चौधरी ने पर्चा भरा है। सीनियर ग्रुप सदस्य पद के लिए शाहिद हुसैन, रूम सिंह नागर, रविंद्र कुमार और छत्रपाल सिंह ने नामांकन किया है। जूनियर ग्रुप (महिला) सदस्य पद पर सुरैया, शुमायला और मीनाक्षी ने अपनी दावेदारी पेश की है, जबकि जूनियर ग्रुप सदस्य पद के लिए हरगोविंद ने नामांकन किया।
नामांकन के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश त्यागी, जयप्रकाश यादव, अमित कुमार जैन, मेहंदी हसन, चंचल, एसपी सिंह, इरशाद बेग अय्यूबी और संजीव शर्मा आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 10 अप्रैल को भी नामांकनपत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
13 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। 15 अप्रैल को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित है। इसके बाद सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकेंगे। मतदान 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा, जिसमें 1030 अधिवक्ताओं अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। बार चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।