गजरौला। आषाढ़ माह की अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट और तिगरी गंगा में स्नान कर पुण्य कमाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे धार्मिक अनुष्ठान कराए। भोर से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
आषाढ़ माह की अमावस्या होने के कारण शुक्रवार की तड़के से ही श्रद्धालुओं ने तिगरी व ब्रजघाट का रुख कर दिया। तिगरी निवासी पंडित गंगाशरण शर्मा के मुताबिक अमावस्या पर सूरज की किरण निकलने से पहले ही स्नान शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के उदघोष संग पतित पावनी में डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं के गंगा मैया के जयकारे व हर-हर गंगे के उदघोष से ब्रजघाट व तिगरी गंगा तट गूंज उठा स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा जल में फूल प्रसाद अर्पण किए। पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर तृप्त किया। ब्रजघाट व तिगरी में तड़के शुरू हुआ गंगा जल में श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।