अमरोहा। भाकियू शंकर के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार से मुलाकात कर किसानों और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने एनएच-734 पर कैलसा अंडरपास से मोड़ा तेहिया की ओर कट संख्या-3 तक दोनों ओर सर्विस लेन एवं सर्विस रोड निर्माण की मांग रखी। साथ ही सर्विस रोड के लिए आरक्षित भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने का मुद्दा भी उठाया गया। सर्विस रोड नहीं होने से किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जों के कारण विवाद की स्थिति बनी रहती है। किसानों की सुविधा और सुरक्षा के लिए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाना आवश्यक है।
अतरासी पुल के नीचे सर्विस लेन पर होने वाले जलभराव की समस्या भी उठाई। कहा कि बारिश के दौरान यहां पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता है और ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध भी किया गया। इस दौरान चौधरी मानवीर सिंह, चौधरी ऋषिपाल सिंह, मोनू चौधरी, व्रतपाल सिंह, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार, अनुराग सिंह, अनिल कुमार मौजूद रहे। संवाद