अमरोहा। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं को कार्य सुविधा देने के लिए नई पहल की है। बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित समारोह में वार्षिक लीगल रेफरेंस डायरी का विमोचन किया गया। बार के इतिहास में पहली बार सभी अधिवक्ताओं को यह डायरी निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें अधिवक्ताओं की डायरेक्टरी के साथ महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां संकलित हैं।
मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश विवेक ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कपिल कुमार चिकारा एडवोकेट, अपर जिला जज संजय चौधरी, नसीमा खानम, अरविंद शुक्ला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. लकी और महासचिव अरशद हुसैन भारती के साथ डायरी का विमोचन किया।
जनपद न्यायाधीश ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि कानूनी जानकारियों और अधिवक्ताओं के विवरण से सभी को सहूलियत मिलेगी। अधिवक्ता वर्षभर अपने मुकदमों का विवरण भी इसमें दर्ज कर सकेंगे। अध्यक्ष कपिल कुमार चिकारा ने कहा कि अधिवक्ताओं के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने न्यायिक गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव अरशद हुसैन भारती ने किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता चौधरी तेजपाल सिंह, इस्लाम आलमी, जयप्रकाश यादव, नरेंद्र पोसवाल, सतीश कुमार त्यागी, मोहन सिंह, प्रवीर सिंह, चैनसुख गोले, खलीक उज्जमा और जुल्फकार खां मौजूद रहे।