अमरोहा। जिले को अब फिर से सर्किट हाउस की सौगात मिलने की आस जगी है। सर्किट हाउस उस सरकारी जमीन पर बनकर तैयार होगा, जिस पर सदर तहसील भवन का निर्माण होना था। यही नहीं राजस्व परिषद ने सरकारी जमीन पर इसके निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को एनओसी भी दे दी है। अधिकारियों द्वारा जमीन की पैमाइश कराने के साथ-साथ बजट के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
आठ माह पूर्व डिडौली क्षेत्र में हाईवे किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा साढ़े तीन बीघा जमीन की तलाशी गई थी। जिस पर सर्किट हाउस बनाने के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया था। यही नहीं निर्माण के लिए एक करोड़ इक्यानवे लाख रुपये भी स्वीकृत हुए। सितंबर माह में उप मुख्यमंत्री द्वारा इसका शिलान्यास भी किया जाना था, लेकिन उनके द्वारा इस जमीन को निरस्त करते हुए दूसरी जगह सर्किट हाउस बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। अब दोबारा से सर्किट हाउस बनने की आस जगी है। कलक्ट्रेट के पास राजस्व विभाग की करीब डेढ़ हेक्टेयर जमीन खाली अवस्था में पड़ी है। इसी जमीन पर सदर तहसील भवन का निर्माण होना था लेकिन, जगह कम होने का हवाला देते हुए राजस्व परिषद ने अनुमति नहीं दी।
दूसरी जगह जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। बाद में प्रशासन ने गुलड़िया गांव में तहसील भवन निर्माण के लिए जमीन तलाश की थी। जिसके लिए प्रस्ताव भी पास हुआ और अब निर्माण भी चल रहा है। कलक्ट्रेट के पास खाली पड़ी जमीन पर प्रशासन ने सर्किट हाउस का निर्माण करने का फैसला लिया। एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व परिषद से पीडब्ल्यूडी को अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। जिसके बाद विभाग की ओर से जगह की पैमाइश की गई है। सर्किट हाउस निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है। वहीं, धनराशि की भी डिमांड भेजी जा रही है।
-