अमरोहा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा अब विद्यार्थियों को घर बैठे पसंदीदा कोर्स पढ़ने की सुविधा दी है। इसके लिए विभाग द्वारा लांच किए गए स्वयं एप पर बच्चों को पंजीकरण कराना होगा। जिसके बाद वह मन माफिक कोर्स की पढ़ाई घर बैठे कर सकेंगे।
कोरोना काल के दौरान स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा की व्यवस्था को लागू किया गया था। जिसके चलते विद्यार्थियों ने घर बैठकर ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा ग्रहण की थी। इसके अलावा छात्र-छात्राएं कोचिंग के माध्यम से भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। लेकिन आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चे उससे वंचित रह जाते हैं। इसी को देखते हुए विभाग द्वारा स्वयं एप को लांच किया गया है। जिस पर विद्यार्थियों को अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके जरिए कक्षा 11 एवं 12 के छात्र हिंदी, गणित, भूगोल, संस्कृत, विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान समेत अपने मनमाफिक कोर्स ऑनलाइन पढ़ सकेंगे। एप से जुड़ने के बाद संबंधित विषयों के शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई में मदद करेंगे। 21 सितंबर तक इस एप के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई की जा सकेगी।
स्वयं एप के बारे में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को बताया गया है। इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण हो, इसके निर्देश दिए गए हैं। ऑन लाइन शिक्षा के लिए यह एप बच्चों के लिए फायदेमंद होगा।
- विष्णु प्रताप सिंह, डीआईओएस।