अमरोहा। सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को अब अपनी प्रगति सुधारनी होगी। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और रैंकिंग गिरने के कारणों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, सेतु निर्माण और लोक शिकायत समेत विभिन्न विभागों की खराब रैंकिंग पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारी कमियों को चिह्नित कर तत्काल सुधार करें और अगली समीक्षा से पहले रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने और सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़े सटीक व समयबद्ध तरीके से अपडेट करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।