गोशाला के संचालन में लापरवाही व सहयोग न करने पर डीएम ने हसनपुर की अल्लीपुर खादर पंचायत की ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसमें प्रधान को जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
डीडीओ व सीवीओ के निरीक्षण में खामियां मिलने पर डीएम ने प्रधान को नोटिस भी जारी किया है। दोनों अधिकारियों ने सितंबर में अल्लीपुर खादर गोशाला का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में गौ आश्रय स्थल का गेट बाहर से बंद मिला था तथा गोशाला में गंदगी पसरी थी। केयर टेकर उपस्थित नहीं थे। गोवंशीय पशु की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली थी। केयर टेकरों द्वारा पशुओं को समय से चारा-पानी नहीं दिया जा रहा था। वहीं छह पशु बीमार मिले थे। ग्राम प्रधान द्वारा गोशाला के संचालन में सहयोग नहीं किया जा रहा है। इससे पहले बीडीओ द्वारा किए निरीक्षण में भी खामी पाए जाने पर स्पष्टीकरण जारी किया गया था। लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा कोई जबाव नहीं दिया गया था। अब डीएम ने ग्राम प्रधान को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक सप्ताह में जबाव देने को कहा है।