स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज धनौरा क्षेत्र में छापामारी की। 11 नर्सिंग होम व क्लीनिक संचालकों के यहां गड़बड़ी पकड़ी। जिस पर नोडल अधिकारी ने उनको नोटिस जारी किए हैं। तीन दिन के अंदर अभिलेख नहीं दिखाने पर मुकदमा दर्ज कराने को कहा है।
गुरुवार को नोडल अधिकारी डा.रामजी वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने धनौरा शहर व ग्रामीण इलाके में खुले नर्सिंग होम व क्लीनिकों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। जहां पर उन्होंने संचालकों से पंजीकरण, डिग्री संबंधित अभिलेख दिखाने के लिए कहा, मगर कोई भी उनको मौके पर उपलब्ध नहीं करा सका। तरह तरह के बहाने बनाकर नोडल अधिकारी को टरकाने की कोशिश की।
नोडल अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। 11 नर्सिंग होम व क्लीनिक संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। इसमें डिग्री व पंजीकरण संबंधी अभिलेख दिखाने के लिए उनको तीन दिन की मोहलत दी गई है। अगर वह निर्धारित समय पर सीएमओ कार्यालय में आकर अभिलेख नहीं दिखाते हैं तो अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।