अमरोहा। जिले की पतेई खालसा ग्राम पंचायत पर 50.85 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसके चलते बिजली निगम ने ओवर हेड टैंक का कनेक्शन काट दिया है। वहीं, गांव के लोगों का दावा है कि ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई ही नहीं हुई है। ग्राम प्रधान ने भी इसकी पुष्टि की। डीपीआरओ ने पंचायती राज निदेशक को मामले से अवगत कराया है।
जल निगम ने पेयजल योजना के तहत जोया ब्लॉक के पतेई खालसा गांव में ओवर हेड टैंक का निर्माण कराया है। गांव में दो ओवरहेड टैंक हैं। इसके अलावा पाइप लाइन बिछाए गए हैं ताकि गांव के लोगों को पानी मिल सके। पंचायती राज विभाग के अनुसार ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई होती है। इसलिए बिजली का बिल 50,85,652 रुपये से अधिक का बकाया हो गया है। बिजली निगम ने कई बार बकाया भुगतान के लिए पत्राचार किया लेकिन ग्राम पंचायत ने तरजीह नहीं दी। वहीं, ग्राम पंचायत का तर्क है कि न तो मोटर चला और न ही पानी की सप्लाई हुई। फिर बिल क्यों भरा जाए।