अमरोहा। पृथ्वीपुर निवासी किसान भगवंत सिंह को बैंक ने बिना आवेदन के ही कर्जदार बना दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार मामले में नियमाें को भी दरकिनार कर दिया गया। उनके आवेदन में आधार किसी और का लगाया गया, जबकि फर्द उनके पिता भगवंत सिंह के नाम की लगाई गई।
पृथ्वीपुर कला निवासी बुजुर्ग भगवंत सिंह किसान हैं। शुक्रवार को उन्हें किसी काम के लिए फर्द की जरूरत हुई तो उनके बेटे योगेंद्र कुमार ने फर्द निकलवाई तो फर्द देखकर उनके होश उड़ गए। फर्द पर यूनियन बैंक की शाखा से पांच लाख रुपये का लोन लिया जाना दर्शाया गया था। जबकि उनके द्वारा यूनियन बैंक से लोन लेने के लिए न तो कोई आवेदन ही किया गया और न ही उनका कोई खाता इस बैंक में संचालित हो रहा था। इस पर उन्होंने बैंक पहुंच कर मामले की शिकायत की। योगेंद्र कुमार ने बताया कि बैंक ने लोन के लिए नियमों को भी एकतरफा कर दिया। आवेदन में कांकरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति का आधार कार्ड लगाया गया है। जबकि फर्द उनके पिता के नाम की है। कांकरखेड़ा निवासी जिस व्यक्ति का आधार कार्ड लगाया गया है, उस नाम कोई व्यक्ति गांव में नही है। साथ ही जिस जमीन पर केसीसी कार्ड बनाया गया है, उसका कुछ हिस्सा कमर्शियल है। साथ ही उनकी जमीन का पहले से ही दूसरे बैंक से लोन चल रहा है। फिर किस आधार पर उनका लोन कर दिया गया। उन्होंने बताया कि लोन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बैंक कर्मचारियों को स्थलीय सत्यापन भी करना होता है। लेकिन इस मामले में इस नियम को नहीं अपनाया गया। फिलहाल बैंक अधिकारी भी मामले की जांच में जुटे हैं। एलडीएम ने बताया कि मौखिक रूप से शिकायत मिली है। लिखित में शिकायत आने पर जांच की जाएगी। बैंक के शाखा प्रबंधक से मामलें में उनका पक्ष लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।