अमरोहा। शौचालय के लिए पात्र परिवार के चिह्नांकन और ऑनलाइन फीडिंग में जिम्मेदार रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अब तक महज 1,786 का वेबसाइट में ऑनलाइन दर्ज हो सका है। जबकि जिले में 4,595 का शौचालय बनाया जाना है। ऑनलाइन फीडिंग की प्रगति में सुधार नहीं होने पर सीडीओ ने डीपीआरओ से जवाब-तलब किया है। उनसे रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। वरना कार्रवाई की चेतावनी दी है।
स्वच्छ भारत मिशन 2 के तहत जिले में शौचालय विहीन परिवार का चिह्नांकन होना है। जिले में नवंबर से अभियान चल रहा है। लगभग तीन महीने होने जा रहा है लेकिन ऑनलाइन फीडिंग में सुधार नहीं आ सकी है। पात्र परिवार को शौचालय के निर्माण के लिए 12,000 रुपये दिए जांएगे। यह रकम दो किस्त मेें मिलेगी। सरकार की मंशा है कि खुले में शौच पर सख्ती से रोक लगाई जाए। लॉक डाउन के बाद महानगरों से लोगों का पलायन हुआ है। इन परिवार के लोगों को शौचालय की जरूरत है। पात्र परिवार का ब्योरा ऑनलाइन दर्ज करना है।