गजरौला। दिल्ली के इको चालक के साथ लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस धनौरा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी अभिषेक कुमार को चार बदमाश बृहस्पतिवार रात किराए पर इको बुक कराकर लाए। बसैली फाटक से करीब 500 मीटर आगे निकलने पर बदमाशों ने उसकी इको रुकवाई। उसके गले पर चाकू लगाकर कब्जे में ले लिया। इको कार, मोबाइल व तीन हजार रुपये रखा पर्स लूट लिया। किसी वस्तु से सिर में वार कर उसे घायल कर दिया था। लूट के बाद बदमाश धनौरा की तरफ भाग गए थे। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों का पुलिस दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
उधर पुलिस ने बदमाशों का क्लू तलाशने के लिए धनौरा मार्ग के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। उधर अभिषेक के मामा ने पुलिस से जानकारी ली कि पुलिस बदमाशों के करीब पहुंच गई है या नहीं, इस पर पुलिस ने कोई सुराग न लगने की बात कही। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।