एनआईए की टीम ने बृहस्पतिवार भोर में छापे की शुरुआत हसनपुर क्षेत्र के सिहाली जागीर गांव से की। इस गांव में अब्दुल हकीम का मकान है, जिनके बेटे अजीम संभल और जुरखन दिल्ली में रहते हैं। हकीम के बेटों को सैदुल का करीबी माना जा रहा है। टीम ने घर में मौजूद सदस्यों से पूछताछ की और इस दौरान किसी को बाहर नहीं जाने दिया। इसी तरह अमरोहा के मोहल्ला कटरा बख्तावर में सैदुल अमीन के दोस्त नवाब के घर पर छापा मारकर लगभग यही प्रक्रिया दोहराई। घर में मौजूद नवाब और उसके परिजनों से पूछताछ की।
तीन कारों से आए टीम के सदस्य करीब चार घंटे तक सक्रिय रहे। सिहाली जागीर में टीम ने तीन घंटे गुजारे, जबकि एक घंटा अमरोहा में रही। एनआईए ने सैदुल अमीन के दोस्त नवाब, उसके परिजनों और सिहाली जागीर के रहने वाले अब्दुल हकीम को बेटों के साथ तीन जुलाई को दिल्ली ऑफिस बुलाया है। जालंधर में सात अप्रैल की रात भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला हुआ था। इसमें अमरोहा के कटरा बख्तावर निवासी सैदुल अमीन का नाम सामने आया था।
पंजाब पुलिस के इनपुट पर खुफिया एजेंसियों व दिल्ली पुलिस की टीमों ने 12 अप्रैल को सैदुल को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इस मामले में जालंधर पुलिस ने हत्या की कोशिश, ग्रुप बनाकर हमला करना, और विस्फोटक सामग्री से नुकसान पहुंचाना सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। एफआईआर के बाद सैदुल की गिरफ्तारी हुई थी, जो अभी तक रिहा नहीं हो सका है।
बाद में सैदुल अमीन के अमरोहा निवासी दोस्त नवाब को भी जालंधर पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था। पूछताछ बाद उसे छोड़ दिया था। फिलहाल नवाब अमरोहा में ही है। इसके बाद से नवाब, उसके के परिजनों और सैदुल अमीन के परिजनों, रिश्तेदार व दोस्तों पर एनआईए नजर बनाए है। बृहस्पतिवार को अमरोहा में दो जगह एनआईए के छापे के बारे में पुलिस का कहना है कि न तो उसे छापे में साथ लिया गया और न ही कोई जानकारी दी गई।
हमले से आठ दिन पहले सैदुल अमीन की मां के खाते में आए थे 17 हजार रुपये
सूत्रों ने बताया कि सैदुल अमीन की गिरफ्तारी के बाद उसके आतंकी कनेक्शन की बात सामने आई थी। इसके बाद मामले को एनआईए को सौंपा गया था। जालंधर पुलिस की जांच में सामने आया था कि भाजपा नेता के घर हुए हमले से आठ दिन पहले सैदुल ने अपनी मां के खाते में 17 हजार रुपये डलवाए थे। इसके बाद जालंधर पुलिस ने सैदुल की मां से उनकी बैंक की पासबुक व आधार कार्ड कब्जे में ले लिया था। मां को जालंधर बुलाकर बेटे सैदुल से आमना-सामना कराया था। उसके बाद से सैदुल की मां अमरोहा में ही हैं।
जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर ग्रेनेड से हमले के मामले में एनआईए जिले में कुछ लोगों से पूछताछ करने आई थी। फिलहाल टीम जिले से किसी को अपने साथ नहीं ले गई है।
- अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा