राष्ट्रीय राजमार्ग के पीडी ने पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ फूड हब में हाईवे पर निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि कहा पर कट बन सकते हैं। इस दौरान प्रतिष्ठान मालिकों ने कट बनाए जाने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को डिप्टी कलक्टर पुष्कर नाथ चौधरी, सीओ यातायात अभिषेक कुमार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पीडी अरविंद कुमार गजरौला पहुंचे। उन्होंने होटल व प्रतिष्ठान मालिकों की ओर से हाईवे पर मांगे जा रहे कट स्थलों का निरीक्षण किया। उधर, होटल व प्रतिष्ठान मालिकों ने कहा, हाईवे बनाने में डिजाइन ही गलत बनाया गया। हाईवे पर 10 किमी के दायरे में मेन रोड से सर्विस रोड पर आने के लिए कोई कट नहीं है। दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को औद्योगिक क्षेत्र में एएसपी सीलिंग के आगे से सर्विस रोड पर लाया जाएगा।
चौपला पर बदायूं-बिल्सी स्टेट हाईवे को पार कर फूड हब में पहुंचेंगे। स्टेट हाईवे को पार करने में ही काफी समय लग जाएगा। हादसे का भी डर रहेगा। वहीं, मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन बस्तौरी माफी गांव के सामने सर्विस रोड पर आएंगे, लेकिन आगे यकबगड़ी के पास हादसे का डर बना रहता है। फूड हब में आने और जाने के लिए कट नहीं होने के कारण हाईवे से गुजरने वाले सैलानी बिना रुके सीधे ही गुजर जाते हैं। इस कारण उनका कारोबार ठप होने के कगार पर है। उनका कारोबार सही चलता रहे, इसके लिए उनको कट दिया जाएगा। इस दौरान जितेंद्र यादव, समीर नागपाल, रचित गोयल, मनदीप सिंह, अतुल कुमार, दीपक सिंह, पीयूष कुमार, पंकज भारद्वाज, उवैश आलम, सईद खान आदि साथ रहे। इसके बाद सभी ने डीएम के सामने भी अपनी मांग रखी।