गजरौला। नवजात को लेकर गजरौला नगर की तरफ जा रही निजी एंबुलेंस की चौपला पर दिल्ली की दिशा से आई बोलेरो से भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस में मौजूद नवजात की मौत हो गई। परिजन उसे जिंदगी की आस में हायर सेंटर ले जा रहे थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस और बोलेरो को कब्जे में लिया, जबकि बोलेरो में सवार सभी लोग भाग निकले।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर अधेक की मढ़ैयों गांव निवासी जुगनू की पत्नी ने बुधवार की रात हसनपुर के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते अस्पतालकर्मियों ने उसे ऑक्सीजन लगाकर निजी एंबुलेंस से गजरौला भेज दिया। एंबुलेंस चालक नवजात को बृहस्पतिवार की तड़के तीन बजे गजरौला ला रहा था। नवजात के साथ उसका पिता जुगनू और रिश्तेदार महिला थी। एंबुलेंस चौपला को पार कर दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन पर पहुंची थी। तभी दिल्ली की दिशा से मुरादाबाद की तरफ जा रही बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना पाकर चौपला चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उधर मौका पाकर बोलेरो का चालक और उसमें सवार लोग भाग गए। पुलिस ने एंबुलेंस में सवार जुगनू और महिला को बाहर निकाला। नवजात को लेकर पुलिसकर्मी सीएचसी पहुंची। जहां पर चिकित्सक ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एंबुलेंस व बोलेरो को कब्जे में लिया।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है जानकारी मिली है कि नवजात की रास्ते में ही मौत हो गई थी, हालांकि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।