अमरोहा। जिले में सोमवार से जमीन की खरीदारी करना महंगा हो जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद आंशिक संशोधन करते हुए सर्किल रेट की नई दरों को सोमवार से लागू किया जा रहा है। जिले में लगातार दूसरे साल सर्किल रेट में बढ़ोतरी की गई है। इसमें जमीन की दरें 20 से 25 प्रतिशत बढ़ाई गई हैं।
जिले में साल दर होने वाले विकास को देखते हुए सर्किल रेट की दरें तय की जाती हैं। आवासीय कॉलोनी के साथ ही इंडस्ट्रियल विकास व लोकेशन और सड़कों की चौड़ाई के आधार पर सर्किल रेट की दरों का निर्धारण किया जाता है। विकास के आधार पर ही सर्किल रेट की दरों में बदलाव किया गया है।
बीते 24 सितंबर को निबंधन विभाग की और से सर्किल रेट की प्रस्तावित दरें जारी करते हुए आपत्तियां मांगी गई थी। 29 सितंबर तक आपत्तियां दर्ज करने का समय दिया गया था। कृषि भूमि के लिए 15 से 20 व आवासीय व व्यवसायिक जमीन के लिए 20 से 30 फीसदी स्टांप शुल्क की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया था। निर्धारित समय तक दर्ज हुई आपत्तियों के निस्तारण के बाद सोमवार यानी आज से आंशिक संशोधन के बाद सर्किल रेट की दरों को लागू किये जाने की मंजूरी डीएम निधि गुप्ता वत्स की ओर से दे दी गई है।
दर्ज हुई थीं दस आपत्तियां
सर्किल रेट के लिए 29 सितंबर तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। इसके तहत अलग-अलग कार्यालयों में कुल 10 आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। जिनका निस्तारण किए जाने के बाद अब नई दरों को लागू किया गया है। सबसे अधिक पांच आपत्ति व सुझाव अमरोहा सदर तहसील से व तीन हसनपुर व एक-एक नौगांवा सादात और मंडी धनौरा में दर्ज किए गए थे।
आंशिक संशोधन के बाद जारी हुईं दरें
निबंधन विभाग की ओर से पहले जारी की गई प्रस्तावित दरों में आंशिक संशोधन के बाद नए सर्किल रेट को जारी किया गया है। पहले जहां कृषि भूमि खरीदने के लिए 15 से 20 फीसदी स्टांप शुल्क बढ़ाए जाने का प्रस्ताव रखा गया था। वहीं इसे अब 10 से 15 फीसदी तक बढ़ाया गया है। इसके अलावा आवासीय व व्यवसायिक जमीन के लिए 20 से 30 फीसदी सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव था, जिसे कि अब 20 से 25 फीसदी तक कर दिया गया है।
करीब पांच माह से चल रही थी कवायद
सर्किल रेट की दरों को बढ़ाए जाने के लिए करीब पांच माह से प्रक्रिया चल रही थी। नई दरों को लागू कराए जाने के लिए पहले सभी तहसीलों में सर्वे कराया गया था। इसके अलावा आस-पास के जनपदों से भी सर्किल रेट का मिलान कराने के बाद ही प्रस्तावित सूची तैयार की गई थी।
अमरोहा में आजाद रोड होगी सबसे महंगी
अमरोहा शहर में आजाद रोड पर आंबेडकर पार्क से मंडी चौब चौराहे तक जमीन खरीदने के लिए सबसे अधिक स्टांप शुल्क देना होगा। यहां अकृषक जमीन के लिए जहां 55,700 रुपये चुकाने होंगे। वहीं एकल दुकान की वाणिज्यिक जमीन के लिए 93,200 रुपये का स्टांप शुल्क देना होगा। इसके अलावा एक से अधिक दुकान व वाणिज्यिक क्षेत्र होने पर 1,15,700 रुपये का स्टांप शुल्क देना होगा। इसके अलावा गफ्फार पैट्रोल पंप चौराहे से बिजनौर रोड पर निशा पैलेस तक पड़ने वाले मोहल्ले बटवाल तलवार शाह, इब्राहीम नगर मोहल्ला नल, व मोहल्ला कमरूद्दीन नगर में अकृषक जमीन के लिए 60,000 रुपये, एकल दुकान की वाणिज्यिक जमीन की खरीद के लिए 93,200 व एक से अधिक दुकान व वाणिज्यिक क्षेत्र की खरीद करने पर 1,15,700 व मोहल्ला कमरूद्दीन में 1,18,800 रुपये का सर्किल रेट देना होगा।
अब यह होंगी सर्किल रेट की नई दरें-
क्षेत्र - अकृषक भूमि की नई दर - वाणिज्यक भूमि की नई दर
- बिजनौर रोड पर निशा पैलेस के बाद रोड के
किनारे लकड़ा चौराहे तक - 45000 - 67500
- गांधी मूर्ति तिराहे से आजाद रोड तक
आंबेडकर पार्क, आजाद रोड से बेगम सराय कला
व खुर्द होते हुए मेन बाजार तक - 46500 - 78200
- आजाद रोड स्थित आंबेडकर पार्क से मंडी
चौब चौराहे तक सभी ग्राम व मोहल्ले - 55700 - 93200
- मंडी चौब चौराहे से मुरादाबादी गेट होते हुए
ब्लॉक कार्यालय तक मंडी चौब चौराहे से स्टेट
बैंक तिराहे तक (मंडी चौब) - 51300 - 78200
दरबारे कला - 46500 - 78200
- ब्लॉक कार्यालय से पोस्टमार्टम हाउस व
बाहर चुंगी सीमा तक सभी ग्राम व मोहल्ले - 18000 - 30000
- बिजनौर रोड से गुलड़िया रोड पर स्थित मंडी
परिषद से नवीन तहसील चौराहे तक सभी ग्राम
व मोहल्ले - 27000 - 45000
- लकड़ा चौराहे से धनौरा रोड पर स्थित दाउद
सराय मोड़ तक सभी ग्राम व मोहल्ले - 31500 - 54000
- डबल फाटक से गफ्फार पैट्रोल पंप चौराहे तक - 37500 - 60000
- वासुदेव मोड़ से बिजनौर रोड तक लेमन ड्रॉप
मैरिज होम तक अमरोहा सिटी सेंटर- - 31500 - 54000
किशनगढ़ - 30000 - 45000
II
Iनोट : दरें प्रति वर्गमीटर में हैं।I
-
सर्किल रेट की नई दरों को डीएम की मंजूरी मिल गई है। आंशिक संशोधन के बाद आज से नए सर्किल रेट लागू हो रहे हैं। आज नए रेट पर ही बैनामे किए जाएंगे। - अनूप कुमार सिन्हा, एआईजी स्टांप