वर्षों से चली आ रही मांग के बाद अब अमरोहा की तहसील का नया भवन नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गुलड़िया गांव में बनेगा। इसके लिए शासन ने भवन निर्माण की मंजूरी दे दी है। 124.93 लाख रुपये की धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। भवन का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड करेगी। जल्दी तहसील का निर्माण हो सकता है। अधिकारी कर्मचारियों और अधिवक्ताओं को जर्जर भवन से निजात मिलेगी।
अमरोहा सदर तहसील शहर के बीचों बीच स्थित हैै। पुरानी बिल्डिंग की हालत पूूरी तरह जर्जर हो गई है। जिसकी वजह से किसी भी समय बड़ा हादसा होने का भय अधिकारियों व कर्मचारियों को बना रहता है। तहसील में आनेवाले फरियादी जाम से जूझना पड़ा हैं। कई बार तो अधिकारी भी तहसील कार्यालय पहुंचने में जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इन्हीं सब परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने तहसील को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्णय लिया। इसके
लिए उसने गुलड़िया गांव में ग्राम समाज की दो हेक्टेयर जमीन को तहसील भवन निर्माण के लिए चिह्नित किया और प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए शासन को भेजा था। भवन निर्माण के लिए 975.12 लाख रुपये की मांग राजस्व परिषद से की थी। डीएम बीके त्रिपाठी ने बताया कि परिषद ने प्रशासन के प्रस्ताव को स्वीकृत कर लिया है। इसके साथ ही उसने अनावासीय भवन बनाने के लिए 124.93 लाख रुपये की धनराशि आवंटित कर दी है। ये राशि पहली किस्त के रूप में भेजी गई है। कार्यदायी संस्था को धनराशि ट्रांसफर कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की कावायद है।