अमरोहा। कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिसको जाे जिम्मेदारी दी गई है, उसका गंभीरता से पालन करें। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था होनी चाहिए। खंभों पर इंसुलेशन के साथ ही जर्जर तारों को बदल दें। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक रखें। कहा कि कांवड़ यात्रा सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट गंभीरता के साथ काम करें। अपने-अपने सेक्टर में बिजली पानी की बेहतर व्यवस्था रखें। कोई भी सेक्टर मजिस्ट्रेट बिना अवकाश के छुट्टी पर न जाएं। सड़कों के किनारे कहीं भी अंडा व मीट आदि की बिक्री खुले में न होने पाए। इसका विशेष ध्यान रखें। शिविरों में खाद्य सामग्री नियमित जांच भी करें। सीवीओ को निर्देश देते हुए कहा कि खुले में जहां भी गोवंश घूम रहे हैं, उन्हें गोशालाओं में भिजवाया जाए। डग्गामार व अनफिट वाहन सड़कों पर न दौड़ें, परिवहन विभाग इस पर गंभीरता से काम करे। बैठक में एडीएम एफआर सुरेंद्र सिंह, सभी एसडीएम व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।