नीट के परिणाम में जनपद के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग रैंक हासिल की है। परिणाम देख सफल विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए। उनके घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों ने भी मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट) का परिणाम आया तो विद्यार्थियों के चेहरे की खुशी झलक उठी। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल में शिक्षक ब्रजपाल सिंह और शिक्षिका अंजू रानी की मेधावी बेटी कृति सौम्या ने नीट में अखिल भारतीय स्तर पर 444 रैंक प्राप्त की है। अब वह देश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) से एमबीबीएस करेंगी। कृति एमबीबीएस के बाद एमएस और फिर न्यूरो साइंस में रिसर्च करेंगी। नीट में उनका परसेंटाइल 99.975 रहा। उन्होंने 720 में से 686 अंक हासिल किए हैं।
डिडौली क्षेत्र के गांव टिकिया निवासी मोहम्मद फरमान ने 720 अंक में 656 अंक हासिल कर 3345 रैंक हासिल की है। रायपुर कलां निवासी किसान के बेटे मोहम्मद कमाल ने 647 अंक हासिल कर 4902 रैंक प्राप्त की है। फतेहपुर निवासी शिक्षक की बेटी नुजहत ने 720 में से 631 अंक हासिल कर ऑल इंडिया स्तर पर 8887 रैंक प्राप्त की है।
ग्राम पंचायत ईसापुर के ग्राम चकघी का नंगला की वर्णिका यादव ने 720 में से 626 अंक प्राप्त कर ओबीसी में 4004 रैंक हासिल की है। डिडौली क्षेत्र के गांव टिकिया के ही मोहम्मद शाहबाज ने 720 मेें से 610 अंक हासिल कर 16614 रैंक प्राप्त की है। नगर के मोहल्ला जाफरी निवासी अप्पू टेंट हाउस स्वामी अख्तर अब्बास की बेटी आसिया फातिमा ने 603 अंक हासिल कर 18513 रैंक हासिल की है।