पड़ोसी जिले संभल में सीडीओ की ओर से महिला से अश्लील बातें करने का मामला अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि अब अमरोहा में एक महिला संविदाकर्मी ने डीपीओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संविदाकर्मी का कहना है कि, डीपीओ ने उससे बदसुलूकी की। इधर, भनक लगने पर डीपीओ ने संबंधित कर्मी की सेवा समाप्ति का आदेश तैयार करा दिया है, लेकिन महिलाकर्मी ने आदेश रिसीव करने की बजाय अफसरों को अपना दुखड़ा सुनाया है।
वहीं मामला बढ़ता देख दूसरे अफसर प्रकरण को दबाने में जुट गए हैं।शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली तीन साल से जनपद के विकास भवन में स्थित बाल संरक्षण इकाई में आंकड़ा विश्लेषक के पद पर (सेवा प्रदाता एजेंसी की ओर से) कार्यरत है। उसका आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) अतुल कुमार सोनी उसके साथ लगातार अभद्रता कर रहे हैं।
उससे रुपये की मांग को लेकर गाली गलौज कर रहे हैं। एतराज जताने पर कार्यमुक्त करने की धमकी दे रहे हैं। उसने इसकी मौखिक शिकायत जिला समाज कल्याण अधिकारी से की है और उचित कार्रवाई नहीं होने पर डीएम को शिकायती पत्र देने की भी बात कही है। इधर, भनक लगने पर शुक्रवार को डीपीओ ने सेवा समाप्ति का आदेश तैयार करा दिया। फिलहाल पीड़िता ने कार्यमुक्ति का आदेश उसने रिसीव नहीं किया है।