अमरोहा। प्रेमी युगल और दोस्तों का पर्व वेलेंटाइन वीक आज से शुरू हो रहा है। इस सप्ताह का आगाज रोज डे यानि गुलाब दिवस से हो रहा है। युवा अपने साथी को गुलाब देकर दोस्ती का इजहार करेंगे। वहीं नाराज साथी को गुलाब देकर भी मनाएंगे।
वेलेंटाइन वीक में मंगलवार को रोज डे है और बुधवार को प्रपोज डे होगा। वेलेंटाइन वीक की शुरुआत को लेकर युवा वर्ग में खासा उत्साह है। गिफ्ट गैलरी सज गईं हैं। बाजार भी गुलजार हो गए हैं। पहले दिन रोज डे मनाया जाएगा। इसके लिए दुकानदारों ने भी बाहर से गुलाब मंगाए हैं। नगर में गांधी रोड सहित अन्य जगहों पर स्थित गिफ्ट गैलरी की दुकान सज गईं हैं। इनमें तरह-तरह के गुलाब उपलब्ध हैं।
हर रंग के गुलाब का अपना महत्व
लाल गुलाब : लाल रंग का गुलाब प्यार के इजहार के लिए दिया जाता है।
गुलाबी गुलाब : गुलाबी रंग का गुलाब उसके लिए है, जिसकी आप तारीफ चाहते हों।
सफेद गुलाब : इस रंग का गुलाब सुंदरता, मासूमियत और बिना शर्त प्यार का प्रतीक माना जाता है।
पीला गुलाब : इस रंग का गुलाब दोस्ती का प्रतीक है।
पहला दिन (रोज डे)
फरवरी महीने के सात तारीख से शुरू हो रहे इस इम्तिहान का पहला दिन रोज डे के नाम से जाना जाता है। यूं कहें तो इसकी शुरुआत गुलाब की खुशबू और खूबसूरती से होती है। इस दिन प्रेमी जोड़े एक-दूसरे को गुलाब देकर अपने प्यार का इजहार करते हैं।
दूसरा दिन (प्रपोज डे)
दूसरे दिन यानी 8 फरवरी को प्रपोज डे मनाया जाता है। अगर आपको किसी से बेइंतहा मोहब्बत है और उसे इस बात को बताना चाहते हैं, तो अपनी बात रख सकते हैं।
तीसरा दिन (चॉकलेट डे)
पिछले कई सालों चॉकलेट लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बना हुआ है। स्ट्रेस दूर करना हो या फिर किसी से प्यार का इजहार करना हो, अलग-अलग बहानों से चॉकलेट को इस्तेमाल में लाया जाता है। प्यार के इम्तिहान के तीसरे दिन यानी 9 फरवरी को चॉकलेट डे मनाया जाता है। इस दिन प्रेमी जोड़े एक-दूसरे को चॉकलेट खिलाते हैं, ताकि जिंदगी में चॉकलेट की तरह ही मिठास बनी रहे।
चौथा दिन (टेडी डे)
टेडी बियर की तरह दिल भी बेहद कमजोर और नाजुक होता है। दिल की कोमलता का एहसास दिलाने के लिए चौथे दिन यानी 10 फरवरी को एक-दूसरे को टेडी बियर गिफ्ट करते हैं।
पांचवां दिन (प्रॉमिस डे)
प्यार करना जितना आसान है, उससे कहीं ज्यादा इसे बरकरार रखना है। फरवरी में चलने वाले इम्तिहान के पांचवें दिन यानी 11 फरवरी को प्रॉमिस डे मनाया जाता है। इस दिन प्रेमी जोड़े एक-दूसरे से जिंदगी भर के लिए कोई खास वादा करते हैं।
छठा दिन (हग डे)
छठे दिन यानी 12 फरवरी को हग डे मनाते हैं। यह एक-दूसरे को गले से लगाकर प्यार जताने का दिन है। इस दिन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक जादू की झप्पी के बहाने हमें यह जानने का मौका मिल जाता है कि सामने वाला हमें कितना चाहता है, उसके दिल में हमारे लिए क्या है।
सातवां दिन (किस डे)
प्यार का इजहार बिना शब्दों के करना हो तो इसके लिए एक प्यार भरा चुंबन ही बहुत काफी होता है। सातवें दिन यानी 13 फरवरी को यह मनाया जाता है।
अंतिम दिन (वेलेंटाइन डे)
भागदौड़ भरी जिंदगी में पार्टी करने का बहाना मिल जाए, इससे बड़ी बात और क्या होगी। ठीक उसी तरह, भले हम प्यार रोज जताते हों, लेकिन उसका जश्न एक दिन तो मनाना ठीक हो सकता है। वेलेंटाइन वही एक दिन है।