अमरोहा। यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं की हेराफेरी पर रोक लगाने के लिए इस बार सिक्योरिटी कोड होगा। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की अलग-अलग रंग की उत्तर पुस्तिकाओं को एक क्रम से वितरित करने का निर्देश दिया गया है।इस बार यूूपी बोर्ड की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होकर 4 मार्च को खत्म हो रही हैं। वर्ष 2022-23 के लिए यूपी बोर्ड में इस बार हाईस्कूल के लिए 28624, इंटर के लिए 26061 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस तरह से कुल 54685 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जनपद में 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षाओं को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बोर्ड और पुलिस-प्रशासन काफी सतर्क है। बोर्ड ने नियमों में बदलाव के साथ ही समय-समय पर नए निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। बोर्ड ने अ और ब उत्तर पुस्तिकाओं का रंग बदलने के साथ ही परीक्षार्थियों के लिए कॉपियों के हर पन्ने पर अनुक्रमांक के साथ ही उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखना भी अनिवार्य कर दिया है, जिससे उत्तर पुस्तिकाओं के पन्नों की बदलने की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।
डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि हाईस्कूल अ लाल डार्क रंग और हाईस्कूल ब मैजेंटा पिंक डार्क रंग की होगी। वहीं इंटरमीडिएट की अ वायलेट डार्क रंग और ब ब्राउन डार्क रंग की उत्तर पुस्तिका दी जाएंगी। अभी तक इंटर की कॉपियों के ऊपर की लिखावट लाल और हाईस्कूल में हल्के नीले रंग से होती थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिक्योरिटी कोड हर कॉपी में लगा होगा। इससे कॉपियां नहीं बदली जा सकेंगी। कॉपियां सिली हुई देने की व्यवस्था की जा रही है।
डीआईओएस ने बताया कि कॉपी के ऊपर अनुक्रमांक के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं की क्रमांक लिखने के पीछे बोर्ड की मंशा है कि कॉपियों के पन्नों के साथ-साथ पूरी कॉपियों के बदलने की जो शिकायत समय-समय पर मिलती थी, वह अब खत्म हो जाएगी। इससे पहले कई बार परीक्षाओं में ऐसे मामले आए हैं, जिसमें विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पन्ने या पूरी उत्तर पुस्तिका ही बदल दी गई, जिसको ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने ये निर्देश जारी किया है।