हसनपुर। छुट्टा पशुओं को पकड़वाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता गुट के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि किसानों की अनदेखी की जा रही है। इसे सहन नहीं किया जाएगा।शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ता एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम विजय शंकर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। जिससे किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं को लेकर छह फरवरी को मासिक बैठक का आयोजन गांव मंगरौला में गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य स्थल पर किया जाएगा। बैठक में राशन कार्ड की समस्याओं को लेकर सप्लाई इंस्पेक्टर, खंड विकास अधकिारी गंगेश्वरी, आईआरबी गंगा एक्सप्रेस-वे सीडीएस कंपनी के आर के त्रिपाठी डीपीएम की उपस्थिति कराई जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे तो रोड जाम किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में युवा जिलाध्यक्ष लोकेश बिधूड़ी, अजब सिंह, तेजपाल सिंह प्रजापति, राजेंद्र सिंह, हरसहाय, अमित कुमार आदि किसान मौजूद रहे।