गजरौला(अमरोहा)। राज्यकर टीम ने चेकिंग के दौरान तीन वाहनों को पकड़ा। तीनों वाहनों से जुर्माने के रूप में विभाग को ढाई लाख रुपये का जुर्माना राजस्व के रूप में प्राप्त होगा। राज्यकर अधिकारी राजीव नयन तिवारी और कपिल कुमार बृहस्पतिवार की रात टैक्स चोरी कर माल लाने और ले जाने वाले वाहनों की धर पकड़ को चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की दिशा से पिकअप आई। उसमें फेसियल किट लदी हुई थी। गाड़ी को बिजनौर ले जा रहे पिकअप के चालक से राज्यकर अधिकारियों ने जीएसटी का पंजीकरण नंबर दिखाने को कहा। इस दौरान जांच पड़ताल में पाया गया कि उसका जीएसटी नंबर बीते माह रद्द हो गया था। इसके बावजूद वह अवैध रूप से व्यापार कर रहा था। गाड़ी को पकड़कर कब्जे में लिया। कुछ देर बाद दिल्ली से चंदौसी की तरफ जा रही क्रॉकरी का सामान लदी पिकअप को पकड़ा। चालक के पास ई-वे बिल नहीं था। इस तरह वह टैक्स चोरी की जा रही थी। करीब आधे घंटे बाद एक डीसीएम आती दिखी। उसको रोककर चेकिंग की। उसमें कपड़ा लदा हुआ था। डीसीएम को संभल ले जा रहे चालक से बिल मांगा, मगर वह यह बिल नहीं दिखा सका। उस पर भी टैक्स चोरी कर ले जाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। तीनों वाहनों को कब्जे में कर विभाग के कार्यालय पर खड़ा किया। राजीव नयन तिवारी ने बताया कि तीनों वाहनों से जुर्माने के रूप में विभाग को करीब ढाई लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।